देहरादून: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने नववर्ष 2026 के शुभ अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। सचिवालय परिसर में आयोजित नववर्ष कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सचिवालय परिवार के साथ-साथ पूरे प्रदेश के नागरिकों के सुख, समृद्धि, आनंदमय एवं खुशहाल जीवन की कामना की।
इस अवसर पर सचिवालय परिसर में उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि सचिवालय राज्य की सर्वोच्च प्रशासनिक संस्था है, जहां से प्रदेश की नीतियां और महत्वपूर्ण निर्णय तय होते हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी इस संस्था के अभिन्न अंग हैं और इसकी गरिमा बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्य सचिव ने नववर्ष के अवसर पर संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि सचिवालय की कार्यसंस्कृति और कार्यक्षमता ऐसी होनी चाहिए, जो न केवल उत्तराखण्ड बल्कि अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणास्रोत बने। उन्होंने कहा कि प्रदेश और प्रदेशवासियों की सेवा में Whole of Government Approach अपनाते हुए एक Single Entity के रूप में कार्य करना होगा, ताकि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान अपर सचिव नवनीत पाण्डेय, सचिवालय संघ के पदाधिकारी एवं सचिवालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
