नववर्ष पर उत्तराखंड परिवहन निगम को मिली नई रफ्तार, मुख्यमंत्री ने 100 नई बसों को दिखाई हरी झंडी

 

 

 

देहरादून: नववर्ष 2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में 100 नई बसों को शामिल कर राज्य के सार्वजनिक परिवहन को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से बसों को फ्लैग ऑफ किया गया। इस दौरान उन्होंने 10 ए.सी. एवं 2 स्लीपर अनुबंधित बसों को भी यात्रियों की सेवा के लिए समर्पित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने परिवहन निगम की स्मारिका “अनवरत” तथा सड़क सुरक्षा पर आधारित कैलेंडर का विमोचन किया। साथ ही विषम परिस्थितियों में कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने वाले निगम के कर्मचारियों को सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई तकनीक से युक्त ये बसें प्रदेश की परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और भरोसेमंद बनाएंगी। इससे न केवल यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी, बल्कि राज्य की आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों वाले उत्तराखंड के लिए मजबूत परिवहन तंत्र विकास की रीढ़ है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि परिवहन निगम के सुदृढ़ीकरण के लिए सरकार लगातार निवेश कर रही है। अब तक 13 से अधिक नए बस अड्डों और कार्यशालाओं का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 14 अन्य स्थानों पर निर्माण कार्य जारी है, जिनमें 4 आईएसबीटी शामिल हैं। निकट भविष्य में निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों को भी शामिल किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि निगम की बसों में जीपीएस, सीसीटीवी, ई-टिकटिंग, फ्लीट मॉनिटरिंग और समयबद्ध मेंटेनेंस जैसी सुविधाएं लागू की जा रही हैं, जिससे यात्रियों के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके। सरकार ने निगम कर्मियों के हित में डीए वृद्धि, सातवें वेतन आयोग के प्रावधानों के क्रियान्वयन और नई भर्तियों के जरिए मानव संसाधन को मजबूत किया है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार परिवहन निगम को केवल एक संस्था नहीं, बल्कि जनसेवा का सशक्त माध्यम मानती है और इसे आधुनिक, आत्मनिर्भर एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

 

(Visited 465 times, 1 visits today)