उत्तराखंड बीजेपी में मिशन 2027 की रणनीति पर मंथन, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ली कोर ग्रुप बैठक

 

 

 

 

TMP: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के पहले दिन देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में कोर ग्रुप की अहम बैठक ली। पहली बार उत्तराखंड पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष का पार्टी कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने ढोल-दमाऊं और जोरदार नारों के साथ उनका अभिनंदन किया।

बैठक की शुरुआत वंदे मातरम् के साथ हुई। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया, जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें पारंपरिक पहाड़ी टोपी पहनाकर और राज्य पक्षी मोनाल की स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

कोर ग्रुप बैठक में उत्तराखंड भाजपा और केंद्र संगठन की पूरी शीर्ष नेतृत्व टीम मौजूद रही। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और सह प्रभारी रेखा वर्मा भी बैठक में शामिल हुए। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, अजय भट्ट, अनिल बलूनी, नरेश बंसल, कल्पना सैनी और कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज व धन सिंह रावत समेत कई वरिष्ठ नेता बैठक में मौजूद रहे।

सूत्रों के अनुसार बैठक में संगठन की मजबूती, सरकार के कामकाज, आगामी राजनीतिक रणनीति और विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी नेतृत्व ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद बढ़ाने पर जोर दिया।

बैठक के दौरान भाजपा के प्रदेश महामंत्री और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने बैठक संचालन की जिम्मेदारी संभाली। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा भाजपा के लिए आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

(Visited 706 times, 1 visits today)