यंग लीडर्स ही विकसित भारत की असली ताकत’— CM धामी ने की पीएम मोदी की ‘यंग लीडर्स डायलॉग’ पहल की सराहना

 

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अभिनव पहल ‘यंग लीडर्स डायलॉग’ की सराहना की। मुख्यमंत्री ने 09 से 12 जनवरी तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए चयनित युवाओं को शुभकामनाएं दीं और इसे देश के युवाओं को नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला सशक्त मंच बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाखों विद्यार्थियों में से इस प्रतिष्ठित संवाद कार्यक्रम के लिए चयनित होना न केवल प्रतिभागी युवाओं के लिए, बल्कि उनके शिक्षकों और संस्थानों के लिए भी गर्व का विषय है। यह कार्यक्रम केवल मंच पर भागीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास निर्माण और राष्ट्रीय स्तर पर अनुभव अर्जित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से युवाओं को देशभर के प्रतिभाशाली साथियों के साथ संवाद, विचार-विमर्श और सीखने का अवसर मिलेगा, जो उनके सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में यंग लीडर्स की भूमिका निर्णायक होगी और यही युवा आने वाले समय में नवाचार, नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्टता के साथ देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का भारत केवल सपने देखने वाला नहीं, बल्कि उन्हें संकल्प के साथ साकार करने वाला देश बन चुका है। अंतरिक्ष, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, खेल सहित हर क्षेत्र में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बनाई है। यही कारण है कि आज देश का तिरंगा देश-विदेश में गर्व के साथ लहरा रहा है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागी युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें इस अवसर का पूर्ण लाभ उठाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

 
 
(Visited 632 times, 1 visits today)