देहरादून विकास पर सीएम धामी का सख्त रुख: समन्वय, सत्यापन और समयबद्धता पर फोकस

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को राजपुर रोड स्थित वन मुख्यालय के मंथन सभागार में देहरादून जनपद के विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़कों से जुड़े निर्माण कार्यों के दौरान बिजली, पानी, गैस सहित सभी भूमिगत लाइनों के कार्य आपसी समन्वय से तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि बार-बार खुदाई और जनता को होने वाली असुविधा से बचा जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभाग वर्षभर में प्रस्तावित कार्यों की सूची तैयार कर उसी के अनुसार कार्य करें। जिलाधिकारी देहरादून को निर्देश दिए गए कि ठोस कार्ययोजना और स्पष्ट समय निर्धारण के बाद ही कार्यों की अनुमति दी जाए। साथ ही आंतरिक सड़कों के रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, परिवार रजिस्टर, बिजली बिल और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों के सत्यापन को नियमित प्रक्रिया बनाने के निर्देश दिए। गलत तरीके से बने दस्तावेजों को निरस्त करने और फर्जी प्रमाण पत्र जारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। इसके साथ ही जिला प्रशासन, वन विभाग, एमडीडीए और नगर निगम को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रखने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने नवाचार आधारित विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि सड़क और कॉरिडोर विस्तार से देहरादून की कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिससे पर्यटन और आवागमन को बढ़ावा मिलेगा। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जनप्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श कर योजनाओं को और गति देने की जरूरत है।

‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जन समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ हर हाल में मिलना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि पारदर्शिता, समयबद्धता और जनहित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं।

शीतकाल को देखते हुए मुख्यमंत्री ने महिलाओं और बुजुर्गों के प्रति विशेष संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। नगर निगम के रैन बसेरों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रमुख चौक-चौराहों पर अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिस को यातायात प्रबंधन सुदृढ़ करने, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता और रैंडम चेकिंग करने के भी निर्देश दिए गए।

कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर बल देते हुए कहा कि प्राथमिकता तय कर कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए और ठोस प्रयासों की आवश्यकता जताई।

जिलाधिकारी श्री सविन बंसल ने मुख्यमंत्री को जनपद में चल रहे विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समान नागरिक संहिता के तहत अब तक 61 हजार पंजीकरण किए जा चुके हैं। सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज 7,662 शिकायतों में से 6,480 का निस्तारण हो चुका है। राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड के सत्यापन में हजारों फर्जी कार्ड निरस्त किए गए हैं। जिले में 57 हेक्टेयर अतिक्रमित भूमि में से 47 हेक्टेयर को अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि रिस्पना और बिंदाल एलिवेटेड कॉरिडोर सहित कई प्रमुख परियोजनाएं प्रगति पर हैं। पांवटा साहिब–बल्लूपुर फ्लाईओवर अंतिम चरण में है और दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे से जुड़ने वाली ग्रीनफील्ड सड़क का निर्माण जारी है। स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल कल्याण और शहरी सौंदर्यीकरण से जुड़ी कई योजनाओं में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।

 
(Visited 616 times, 1 visits today)