धामी सरकार की बड़ी सौगात, मंदिर विकास से सड़क निर्माण तक कई परियोजनाओं को मिली वित्तीय मंजूरी

 

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में धार्मिक पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को वित्तीय स्वीकृति दी है। इसके तहत विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण और अन्य जनहित कार्यों के लिए करोड़ों रुपये जारी किए गए हैं।

मंदिरों के विकास को मिली गति

मुख्यमंत्री ने पौड़ी जिले के देवीखाल स्थित मां बाल कुंवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 72.67 लाख रुपये की परियोजना में पहली किस्त के रूप में 43.60 लाख रुपये जारी करने को मंजूरी दी।

इसके अलावा दुगड्डा स्थित महाबगढ़ मंदिर के विकास के लिए 1.69 करोड़ रुपये की स्वीकृति देते हुए पहली किस्त के रूप में 1.02 करोड़ रुपये जारी किए गए।

पिथौरागढ़ के डीडीहाट स्थित श्री हरिचंद देवता मंदिर को मास्टर प्लान के तहत विकसित करने के लिए 1.42 करोड़ रुपये की योजना में 85.08 लाख रुपये की पहली किस्त मंजूर की गई।

अन्य मंदिरों को भी मिली वित्तीय स्वीकृति

मुख्यमंत्री ने मिलम स्थित नंदा देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 90.16 लाख रुपये की योजना में 54.09 लाख रुपये की पहली किस्त जारी करने की मंजूरी दी।

अल्मोड़ा के कलझीपा जोशी स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर के विकास के लिए 99.61 लाख रुपये की परियोजना में 59.76 लाख रुपये जारी किए गए।

वहीं मोस्टामानू मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए परियोजना की 39.31 लाख रुपये की शेष राशि जारी करने को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

सड़क और ग्रामीण विकास परियोजनाओं को भी मंजूरी

चंपावत जिले में तामली–रूपालीगाड़–सीम मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 79.44 लाख रुपये की परियोजना में पहली किस्त के रूप में 47.66 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।

टिहरी जिले के सिलकोट ग्राम पंचायत में जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए घेरबाड़, सुरक्षा दीवार और सीसी रेलिंग मार्ग निर्माण हेतु 93.85 लाख रुपये की योजना में 56.31 लाख रुपये की पहली किस्त जारी की गई।

प्रेस क्लब को भी आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री ने देहरादून के उत्तरांचल प्रेस क्लब को खेल सामग्री खरीदने के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने को भी मंजूरी दी।

(Visited 4 times, 4 visits today)