देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के एनजीओ प्रकोष्ठ, उत्तराखंड की ओर से मंगलवार को एमकेपी कॉलेज, देहरादून में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृशक्ति के प्रति सम्मान का संदेश देना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि मां के नाम लगाया गया एक पौधा केवल हरियाली बढ़ाने का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति संरक्षण का संकल्प भी है। उन्होंने लोगों से पौधारोपण के साथ उसकी नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया।
भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुशील बहुगुणा ने कहा कि यह अभियान समाज को पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान के प्रति जागरूक करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ उन्हें संरक्षित रखना भी सभी की जिम्मेदारी है और इस अभियान को प्रदेशभर में सामाजिक भागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
भाजपा देहरादून महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट के बीच पौधारोपण जनआंदोलन बनना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अपने जीवन में पौधे लगाने और उनकी देखभाल को नियमित आदत बनाने की अपील की।
कार्यक्रम की जिला संयोजक नलिनी त्रिखा तनेजा ने बताया कि अभियान को देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों तक विस्तार दिया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभा सकें।
इस अवसर पर एमकेपी कॉलेज परिसर में पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्य डॉ. ममता सिंह, निशांत गुप्ता, कृष्णा, रेनू जैन, निधि वत्स, देव अरोड़ा, शैली अरोड़ा, सुभाष शर्मा, दिलबाग सिंह, आकाश गुप्ता, नेहा, सागर डंगवाल, अनमोल छेत्री, रीटा जोरावर सहित अनेक कार्यकर्ता और सामाजिक सहयोगी मौजूद रहे।
