बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी पर BJP का कांग्रेस पर पलटवार, कहा- पहले गोदियाल के कार्यकाल का हिसाब दे कांग्रेस

 

 

 

देहरादून: बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि मामले की उच्च स्तरीय जांच जारी है और एक आरोपी की गिरफ्तारी भी हो चुकी है, लेकिन कांग्रेस इस संवेदनशील विषय पर भी राजनीतिक अवसर तलाश रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपने नेताओं के कार्यकाल से जुड़े आरोपों का जवाब देना चाहिए। चौहान ने दावा किया कि वर्ष 2012 से 2017 के दौरान तत्कालीन बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति अध्यक्ष गणेश गोदियाल के कार्यकाल में भी मंदिर समिति की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आई थीं। यदि सब कुछ पारदर्शी था तो जांच के आदेश क्यों दिए गए और कांग्रेस आज तक उस जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग क्यों नहीं करती।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का रवैया दोहरा है। अपने नेताओं पर आरोप लगने पर वह जांच का इंतजार करने की बात करती है, जबकि भाजपा से जुड़े मामलों में जांच पूरी होने से पहले ही फैसले सुनाने लगती है।

मनवीर चौहान ने यह भी सवाल उठाया कि प्रमोद नौटियाल को वर्ष 2014 में नियमित करने का निर्णय किस सरकार ने लिया और तत्कालीन अध्यक्ष कार्यालय में उनके लिए नया पद किसके कार्यकाल में सृजित किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इन सवालों का स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा का स्पष्ट रुख है कि किसी भी दोषी को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा। मंदिरों से जुड़े मामलों में यदि कोई अनियमितता सामने आती है तो निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

चौहान ने कांग्रेस पर सनातन और धार्मिक आस्था के मुद्दों पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की प्राथमिकता आस्था की रक्षा, पारदर्शिता और कानून के शासन को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ धाम जैसे पवित्र विषय पर राजनीति करना करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं का अपमान है।

(Visited 63 times, 63 visits today)