हरिद्वार में ‘जन-जन की सरकार : चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम आज, अमित शाह करेंगे जनसभा को संबोधित

 

 

 

हरिद्वार: केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार, 7 मार्च 2026 को हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम जन‑जन की सरकार : चार साल बेमिसाल में प्रतिभाग करेंगे। इस अवसर पर वे जनसभा को संबोधित करेंगे और राज्य सरकार की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे। कार्यक्रम के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं तथा हरिद्वार शहर और कार्यक्रम स्थल बैरागी कैम्प को विशेष रूप से सजाया जा रहा है।

इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हरिद्वार का दौरा कर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

तैयारियों का लिया जायजा

मुख्यमंत्री ने बैरागी कैम्प पहुँचकर जनसभा स्थल, मंच, प्रदर्शनी क्षेत्र, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल और विद्युत आपूर्ति सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

उन्होंने अधिकारियों से कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि आयोजन के सुचारु संचालन के लिए सभी तैयारियों का वरिष्ठ स्तर पर परीक्षण किया जाए तथा आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

विकास प्रदर्शनी का होगा उद्घाटन

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी और नई न्याय संहिताओं पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का भी उद्घाटन करेंगे। साथ ही कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा।

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान वन मंत्री सुबोध उनियाल, भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री अजय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, विधायक आदेश चौहान, हरिद्वार की मेयर किरण जैसल, रूड़की की मेयर अनीता देवी, पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पाण्डे, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

(Visited 7 times, 1 visits today)