नई टिहरी: टिहरी झील में आयोजित टिहरी लेक फेस्टिवल के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का रोमांचक अंदाज़ देखने को मिला। लाइफ जैकेट पहनकर जब वह टिहरी झील के किनारे पहुंचे तो उनके सामने दो विकल्प थे—अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ बोटिंग करना या फिर एक गाइड के साथ जेट-स्की का आनंद लेना। मुख्यमंत्री ने एडवेंचर को प्राथमिकता देते हुए जेट-स्की चलाने का फैसला किया और झील में रोमांचक सवारी का अनुभव लिया। बाद में उन्होंने बोटिंग का भी आनंद उठाया।
गतिविधियों में लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
फेस्टिवल का विधिवत उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री ने कोटी कॉलोनी स्थित आयोजन स्थल पर लगे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने Indo-Tibetan Border Police (आईटीबीपी) के जवानों से भी मुलाकात की।
इसके बाद वे टिहरी झील पहुंचे और एक-एक गतिविधि में भाग लेकर फेस्टिवल को प्रोत्साहित किया। बोटिंग के दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक किशोर उपाध्याय, विनोद कंडारी और शक्तिलाल शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पहाड़ी व्यंजनों का लिया स्वाद
कोटी कॉलोनी में लगे स्टॉलों पर मुख्यमंत्री ने पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद भी चखा। यहां महिलाओं की रामलीला समिति द्वारा लगाए गए “पहाड़ी घर” नामक स्टॉल में पारंपरिक व्यंजन परोसे जा रहे थे।
मुख्यमंत्री ने लाल चावल, भट्ट की चुटकाणी और झंगोरे की खीर का स्वाद लिया और इन व्यंजनों की जमकर तारीफ की।
समिति से जुड़ीं रचना उनियाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी टीम को प्रोत्साहित किया, जिससे स्टॉल चला रहीं महिलाएं बेहद उत्साहित नजर आईं।
