अपराध पर सख्ती का संदेश: उत्तराखंड में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत पुलिस को पूर्व-निवारक कार्रवाई के निर्देश

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड में हाल के दिनों में सामने आई आपराधिक घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार अपराध के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है और कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद पुलिस ने हालिया घटनाओं में त्वरित और समयबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की। सरकार ने साफ संकेत दिए हैं कि अब केवल घटनाओं के बाद की कार्रवाई पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि अपराध होने से पहले ही उसे रोकने के लिए ठोस और प्रभावी रणनीति अपनाई जाएगी।

पुलिस व्यवस्था में बदलाव, जवाबदेही पर जोर

इसी क्रम में पुलिस विभाग में प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक तबादले किए गए हैं। सरकार का मानना है कि यह कदम पुलिस तंत्र को अधिक सक्रिय, जवाबदेह और परिणामोन्मुख बनाने में सहायक होगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि फील्ड स्तर पर निगरानी बढ़ाई जाए और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाए।

मुखबिर तंत्र और जनविश्वास होगा मजबूत

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से मुखबिर तंत्र को सुदृढ़ करने, अपराधियों में कानून का भय स्थापित करने और आम नागरिकों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि जनता बिना किसी डर के अपनी शिकायत लेकर पुलिस के पास जाए और उन्हें त्वरित तथा निष्पक्ष न्याय मिले, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए, ताकि अपराधियों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना न बचे और आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।

(Visited 1,160 times, 1 visits today)