सेब उत्पादकों के लिए खुशखबरी: उत्तरकाशी-देहरादून के किसानों को 50% सहायता पर ब्रांडेड पैकेजिंग बॉक्स मिलेंगे

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के सेब उत्पादकों को बड़ा तोहफा दिया है। अब उत्तरकाशी और देहरादून जिले के सेब किसानों को ‘उत्तराखंड ब्रांड’ के यूनिवर्सल पैकिंग कार्टन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे राज्य के सेब को एक विशिष्ट पहचान मिलेगी और किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर मूल्य प्राप्त होगा।

प्रदेश सरकार ने उत्तर फसल प्रबंधन योजना के अंतर्गत 50 प्रतिशत अनुदान पर कोरोगेटेड फाइबर बोर्ड (सीएफबी) बॉक्स वितरित करने की शुरुआत कर दी है। उत्तरकाशी जिले के लिए 3.85 लाख कार्टन और देहरादून के लिए 0.75 लाख कार्टन की मांग सूचीबद्ध कंपनियों से पूरी कर ली गई है। अब इनकी वितरण प्रक्रिया उद्यान सचल दल केन्द्रों के माध्यम से प्रारंभ हो गई है

सरकार का उद्देश्य केवल पैकेजिंग सुधारना नहीं, बल्कि उत्तराखंड के सेब को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाना है। इससे किसान अपने उत्पाद की सीधी ब्रांडिंग कर पाएंगे और मध्यस्थों की भूमिका कम होगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में जैविक कृषि और बागवानी की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें सही दिशा देने के लिए सरकार लगातार नीतिगत फैसले ले रही है। सेब की खेती को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि पहाड़ के किसानों की आय को दोगुना करने का लक्ष्य पूरा हो सके। इस पहल से किसानों को सशक्त बनाने और ‘ब्रांड उत्तराखंड’ को मजबूत करने की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।

 

 

(Visited 772 times, 1 visits today)