VIP इलाके में छिपा था कुख्यात गैंग्सटर: मंत्री आवास के पास बना रखा था ठिकाना, हत्या के बाद खुली चौंकाने वाली सच्चाई

 

 

 

 

देहरादून: झारखंड में गिरोह चलाने वाले कुख्यात गैंग्सटर विक्रम शर्मा की पहुंच कितनी गहरी थी, इसका खुलासा उसकी हत्या के बाद सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि विक्रम ने राजधानी देहरादून के अति-संवेदनशील वीआईपी क्षेत्र न्यू कैंट रोड पर वर्षों तक बिना किसी शक के अपना ठिकाना बना रखा था, और इसकी भनक न तो खुफिया एजेंसियों को लगी और न ही पुलिस को।

सूत्रों के अनुसार, विक्रम शर्मा न्यू कैंट रोड स्थित कालीदास मार्ग के पास पैराडाइज अपार्टमेंट में रह रहा था। यह इलाका सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। बताया जा रहा है कि करीब छह साल पहले विक्रम ने अपार्टमेंट में दो फ्लैट खरीदे थे—एक ग्राउंड फ्लोर पर और दूसरा दूसरी मंजिल पर।

पड़ोसियों को नहीं थी भनक

स्थानीय लोगों के मुताबिक, विक्रम का व्यवहार बेहद सामान्य था। वह कम बोलता था और उसके दोस्तों का आना-जाना भी किसी को असामान्य नहीं लगता था। किसी को अंदेशा तक नहीं था कि उनके पड़ोस में एक कुख्यात गैंग्सटर रह रहा है। दिनदहाड़े उसकी हत्या के बाद ही पूरे मामले की परतें खुलनी शुरू हुईं। फिलहाल हत्या के बाद से अपार्टमेंट परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ है।

मंत्री और शीर्ष संवैधानिक ठिकानों के बेहद करीब

जिस स्थान पर विक्रम शर्मा ने अपना ठिकाना बनाया था, वहां से कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का सरकारी आवास महज लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य का सरकारी आवास भी इसी क्षेत्र में है।

इतना ही नहीं, न्यू कैंट रोड क्षेत्र के आसपास सर्वे ऑफ इंडिया, अन्य महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय, सीएम आवास, राजभवन और गढ़वाल राइफल्स यूनिट भी करीब एक किलोमीटर के दायरे में स्थित हैं। ऐसे में वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

करोड़ों की संपत्तियों का मालिक था विक्रम

सूत्रों का दावा है कि विक्रम शर्मा ने राजधानी में करोड़ों रुपये का रियल एस्टेट साम्राज्य खड़ा किया था। उसके पास कैनाल रोड स्थित किंगविला में एक आलीशान कोठी है। इसके अलावा पैराडाइज अपार्टमेंट में दो फ्लैट, न्यू कैंट रोड कॉलोनी में मकान और शहर के अन्य हिस्सों में भी कई संपत्तियां बताई जा रही हैं।

दिलचस्प बात यह है कि इतनी संपत्तियों के बावजूद विक्रम अपने परिवार के साथ ग्रीन व्यू रेजिडेंसी में किराये के फ्लैट में रह रहा था, ताकि किसी को शक न हो।

गैंग्सटर की हत्या के बाद अब न सिर्फ उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि, बल्कि राजधानी में उसकी गहरी पैठ और सुरक्षा एजेंसियों की चूक भी चर्चा का विषय बन गई है। पुलिस और खुफिया विभाग अब पूरे नेटवर्क और संपत्तियों की गहन जांच में जुट गए हैं।

 
(Visited 670 times, 1 visits today)