उत्तराखंड में टैक्स फ्री हुई फिल्म ‘गोदान’, सीएम धामी बोले— समाज को जोड़ने वाला सिनेमा

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसान परंपरा, ग्रामीण जीवन और गोवंश के महत्व पर आधारित फिल्म ‘गोदान’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने के निर्देश दिए हैं। यह फिल्म 6 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और समाज को भारतीय संस्कृति व परंपराओं से जोड़ने का संदेश देती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय केवल धर्म और आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, सामाजिक जीवन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग है। इस तरह की फिल्मों के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच, संवेदनशीलता और सांस्कृतिक चेतना का विकास होता है, इसलिए ऐसी रचनात्मक फिल्मों को प्रोत्साहन मिलना चाहिए।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार गोवंश संरक्षण को लेकर लगातार कार्य कर रही है। राज्य में गोसदनों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश की समुचित देखभाल सुनिश्चित हो सके। साथ ही गोपालकों और पशुपालकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित किया जा रहा है, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े विषयों पर आधारित फिल्मों एवं रचनात्मक प्रयासों को भविष्य में भी प्रोत्साहन देती रहेगी।

(Visited 2,110 times, 4 visits today)