कोटद्वार: नाबालिग पुत्री से दुष्कर्म के गंभीर आरोप में कोटद्वार पुलिस ने सौतेले पिता को गिरफ्तार किया है। घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
बीती 6 फरवरी को कोटद्वार निवासी एक महिला ने कोतवाली कोटद्वार में प्रार्थना पत्र देकर अपनी नाबालिग पुत्री के लापता होने की सूचना दी थी। महिला के अनुसार, उसकी पुत्री सुबह घर से बिना बताए कहीं चली गई थी और काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल गुमशुदा बालिका की तलाश शुरू की। जांच के दौरान जानकारी मिली कि बालिका 5 फरवरी की सुबह करीब 11 बजे अपनी नानी के पास पहुंची थी। पूछताछ में नानी ने बताया कि बालिका अत्यंत डरी हुई अवस्था में थी और माता-पिता के साथ रहने से इनकार कर रही थी। हालांकि उस समय वह पूरी बात स्पष्ट रूप से नहीं बता सकी। इसके बाद नानी ने बालिका को अपने एक परिचित के यहां ठहरा दिया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद बालिका ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 5 फरवरी 2026 की रात उसके सौतेले पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना से भयभीत होकर वह अगली सुबह घर से निकलकर नानी के पास चली गई थी।
बालिका के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपित सौतेले पिता के खिलाफ धारा 65(1), 75(2) बीएनएस एवं धारा 3/4 पोक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित मूल रूप से देवरिया, उत्तर प्रदेश का निवासी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
