हरिद्वार में साइबर ठगी का बड़ा मामला, निवेश के नाम पर शांतिकुंज से जुड़े इंजीनियर से 90.78 लाख की ठगी

 

 

 

देहरादून: साइबर ठगों ने इस बार हरिद्वार स्थित शांतिकुंज में सेवा कर रहे एक इंजीनियर को अपना शिकार बनाते हुए करीब 90.78 लाख रुपये की ठगी कर ली। निवेश और ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर आरोपितों ने योजनाबद्ध तरीके से पीड़ित का भरोसा जीता और बड़ी रकम हड़प ली।

पीड़ित आदित्य कुमार, निवासी शांतिकुंज हरिद्वार, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 सितंबर को उन्हें एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप कॉल की। कॉल करने वाले ने अपना नाम विक्रम सिंह बताते हुए खुद को नाका सोल्यूशन नामक कंपनी का को-पार्टनर बताया। शुरुआत में छोटे-छोटे ऑनलाइन टास्क करवाए गए, जिन पर उन्हें करीब 200 रुपये का लाभ दिखाया गया।

आदित्य कुमार के अनुसार, शुरुआती भुगतान मिलने से उन्हें यह पूरा काम वास्तविक लगा और भरोसा बढ़ता गया। इसके बाद ठगों ने उन्हें ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर ले जाकर बड़े मुनाफे का झांसा दिया, जहां उनके अकाउंट में 1.66 करोड़ रुपये का लाभ दिखाया गया

जब पीड़ित ने मुनाफे की रकम निकालने की बात कही तो ठगों ने बैंक ट्रांजेक्शन फीस के नाम पर 4,89,655 रुपये जमा कराने को कहा। भुगतान के बाद बताया गया कि राशि कुमार इंडिया मर्चेंट नामक खाते में चली गई है और अब धनराशि रिलीज करने के लिए 30 लाख रुपये जुर्माने के रूप में जमा करने होंगे।

इसके बाद ठगों ने यह कहकर पीड़ित को और भ्रमित किया कि रकम एक ऑटोमिक वॉलेट में ट्रांसफर कर दी गई है, जो बाद में पूरी तरह फर्जी निकली। इस तरह अलग-अलग बहानों से पीड़ित से कुल 90.78 लाख रुपये की रकम जमा करा ली गई और फिर आरोपितों ने संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया।

पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ठगों के बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन निवेश, ट्रेडिंग और त्वरित मुनाफे के लालच में आकर किसी अज्ञात व्यक्ति या लिंक पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें।

(Visited 642 times, 1 visits today)