चमोली में भालू का कहर जारी, नंदानगर के खुनाणा गांव में ग्रामीण पर हमला, एम्स ऋषिकेश रेफर

photo- nmbnews

 

 

 

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में भालू के बढ़ते हमलों से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ताजा मामला नंदानगर विकासखंड के खुनाणा गांव से सामने आया है, जहां जंगल में बकरी चराने गए एक ग्रामीण पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे हालत नाजुक होने पर हेलीकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश भेजा गया है।

घायल ग्रामीण की पहचान केसर सिंह (35 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार केसर सिंह रोज की तरह जंगल की ओर पशु चराने गया था। इसी दौरान झाड़ियों से निकले भालू ने उन पर हमला कर दिया। ग्रामीण ने किसी तरह संघर्ष कर अपनी जान बचाई और मौके से निकलकर गांव की ओर पहुंचा।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन को अवगत कराया। घायल को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर करने की सलाह दी। इसके बाद जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर घायल को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया।

बदरीनाथ वन प्रभाग के प्रभागीय वन अधिकारी सर्वेश दुबे ने बताया कि घायल को वन विभाग की ओर से तत्काल ₹25 हजार की आर्थिक सहायता उनके परिजनों को उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही घायल के इलाज का पूरा खर्च वन विभाग द्वारा वहन किया जाएगा।

गौरतलब है कि चमोली जिले में बीते कुछ समय से भालू आबादी वाले इलाकों के आसपास लगातार देखे जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ कस्बाई इलाकों में भी भालू की मौजूदगी से लोग भयभीत हैं। वन विभाग की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

(Visited 644 times, 1 visits today)