देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मोहिनी रोड स्थित दून इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने लेखिका वेणु अग्रहार धिंगरा द्वारा लिखित पुस्तक ‘लीडिंग लेडीज ऑफ इंडिया’ का लोकार्पण किया।
पुस्तक विमोचन के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि साहित्य समाज के विचारों, भावनाओं और अनुभवों को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। साहित्य सामाजिक और सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि ‘लीडिंग लेडीज ऑफ इंडिया’ महिलाओं को प्रेरित करने वाली पुस्तक है, जो उन्हें आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार महिला सशक्तीकरण पर विशेष जोर दे रही है। राज्य के महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता के नए अवसर बन रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं और समाज के समग्र विकास के लिए उनका सशक्त होना बेहद आवश्यक है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की आत्मा उसकी संस्कृति, विरासत और पारंपरिक जीवनशैली में बसती है। राज्य सरकार द्वारा सांस्कृतिक धरोहर को सुरक्षित और संरक्षित रखने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि साहित्य और संस्कृति समाज को जोड़ने वाले सबसे मजबूत साधन हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राज्य में आयोजित हो रहे प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य प्रवासी उत्तराखंडियों को उनकी जड़ों से जोड़ना है। सम्मेलन के आयोजन के बाद अनेक प्रवासियों ने अपने मूल गांवों तथा पूरे प्रदेश के विकास में सहयोग करने की इच्छा व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रदेश के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
फेस्टिवल के दौरान बड़ी संख्या में लेखक, साहित्यकार, विद्यार्थी एवं साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे। इस अवसर पर गीता पुष्कर धामी, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, दून इंटरनेशनल स्कूल समूह के संस्थापक डी.एस. मान, और अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।
देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल में कई साहित्यिक सत्र, संवाद और पुस्तक विमोचन कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें प्रदेशभर से आए साहित्य प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी की उपस्थिति ने आयोजन में प्रेरक ऊर्जा का संचार किया।
