भिकियासैंण (अल्मोड़ा): मंगलवार सुबह शिलापानी बैंड के पास दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। रामनगर जा रही कुमाऊं मोटर ओनर यूनियन (केएमओयू) की यात्री बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और गहरी खाई में जा समाई। हादसे में सात यात्रियों की जान चली गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा
बस संख्या यूके-07 पीए-4025 सुबह करीब छह बजे द्वाराहाट के नोबाड़ा से रवाना हुई थी। लगभग आठ बजे शिलापानी बैंड से आगे संकरे मोड़ पर सड़क की खराब हालत के कारण बस का एक टायर किनारे बने गड्ढे में उतर गया। इसके बाद स्टेयरिंग ने जवाब दे दिया और वाहन करीब 100 फीट नीचे गधेरे में जा गिरा।
मौके पर मचा हड़कंप
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छह यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। एक गंभीर घायल ने बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। खाई की गहराई और दुर्गम भू-भाग के कारण रेस्क्यू में मुश्किलें आईं, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत-बचाव अभियान तेज़ी से चलाया गया।
घायलों का इलाज और रेफरल
सभी घायलों को सीएचसी भिकियासैंण में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल नंदा बल्लभ और हंसी देवी को एयरलिफ्ट कर उच्च उपचार के लिए भेजा गया। नंदी देवी और राकेश कुमार को रामनगर हायर सेंटर रेफर किया गया। शेष घायलों का उपचार जारी है।
जनप्रतिनिधि और प्रशासन मौके पर
हादसे की जानकारी मिलते ही रानीखेत विधायक प्रमोद नैनवाल और सल्ट विधायक महेश जीना घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता दिलाने और रेफरल की व्यवस्था में सहयोग किया। स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत से भी गंभीर घायलों की एयरलिफ्ट को लेकर बात की गई। जिलाधिकारी अंशुल सिंह और एसएसपी देवेंद्र पींचा ने मौके का निरीक्षण कर हालात का जायज़ा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों की जुबानी
घायल यात्री जितेंद्र रिखाड़ी ने बताया कि टायर गड्ढे में जाते ही तेज आवाज हुई और बस सीधे खाई में चली गई। चालक नवीन चंद तिवारी के अनुसार, एक तरफ का टायर फंसने के बाद स्टेयरिंग फेल हो गई और क्रैश बैरियर न होने के कारण बस को बचाया नहीं जा सका।
मृतक
-
पार्वती देवी (75), पत्नी गोविंद बल्लभ मठपाल, ग्राम धारवाली
-
गोविंद बल्लभ मठपाल (80), ग्राम धारवाली
-
तारा देवी (50), पत्नी महेश चंद्र, पाली दौला
-
नरेंद्र सिंह सूबेदार (65), ग्राम जमोली
-
गणेश (20), पुत्र भीम बहादुर, नेपाल
-
उमेश (18), पुत्र अज्ञात, नेपाल
-
गोविंदी देवी (58), ग्राम घुघुतीं, द्वाराहाट
घायल
नंदा बल्लभ, राकेश कुमार, नंदी देवी, हंसी सती, मोहित सती, बुद्धि बल्लभ भगत, हरीश चंद्र, भूपेंद्र सिंह अधिकारी, जितेंद्र रेखाड़ी, नवीन चंद्र तिवारी (चालक), हिमांशु पालीवाल, प्रकाश चंद्र।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि सभी घायलों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है और कुछ को बेहतर इलाज के लिए रेफर व एयरलिफ्ट किया गया है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
