देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा के पिता तरुण प्रसाद चकमा को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। प्रथम किश्त के रूप में ₹4 लाख 12 हजार 500 की धनराशि स्वीकृत करते हुए जारी कर दी गई है। यह सहायता अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम–1989 एवं नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम–1955 के अंतर्गत दी गई है।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए यह प्रकरण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून के माध्यम से जिला समाज कल्याण अधिकारी, देहरादून को भेजा गया था। इस मामले में उपजिलाधिकारी विकासनगर एवं पुलिस उपाधीक्षक विकासनगर द्वारा संयुक्त जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसके आधार पर जिलास्तरीय समिति की स्वीकृति प्रक्रिया त्वरित रूप से पूर्ण की गई।
समस्त औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उक्त अधिनियमों के अंतर्गत आर्थिक सहायता स्वीकृत करते हुए प्रथम किश्त का चेक एंजेल चकमा के पिता श्री तरुण प्रसाद चकमा को प्रेषित कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को एंजेल चकमा के पिता से फोन पर बातचीत कर घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया था। मुख्यमंत्री ने बताया था कि इस हत्याकांड में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित कर प्रयास जारी हैं।
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड सरकार इस दुखद घड़ी में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि वे इस घटना से व्यक्तिगत रूप से व्यथित हैं और सरकार दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
