बदरीनाथ धाम से सोने का मुकुट चुराने वाला शातिर साधु गिरफ्तार, 5 लाख का मुकुट बरामद

 

 

 

गोपेश्वर: बदरीनाथ धाम स्थित भगवान नारायण मंदिर से सोने का मणि-जड़ित मुकुट और नकदी चोरी करने वाले आरोपी साधु को चमोली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब पांच लाख रुपये मूल्य का मुकुट और चोरी की गई नकदी भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, मंदिर प्रबंधन की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि भजन-कीर्तन के बहाने आश्रम में शरण लेने वाले साधु राघवदास ने 24 जुलाई 2026 की रात भगवान नारायण का सोने का मणि-जड़ित मुकुट और नकदी चोरी कर ली थी। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम का गठन किया।

पुलिस अधीक्षक चमोली के निर्देशन में गठित टीम ने घटना के बाद संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर 29 जुलाई 2026 को बद्रीश गंगा वाटिका गेट (हनुमानचट्टी रोड) के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राघवराम पाठक उर्फ राघवदास (57) पुत्र श्यामता प्रसाद पाठक, निवासी ग्राम मुनीमपुर, थाना भिनगा, जनपद श्रावस्ती (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सोने का मणि-जड़ित मुकुट और नकदी बरामद कर ली है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

(Visited 10 times, 10 visits today)