पुरोला में देर रात आग का तांडव, दोमंजिला मकान जलकर राख; ग्रामीणों ने बचाई बच्चों और महिलाओं की जान

 

 

 

TMP: उत्तरकाशी के पुरोला क्षेत्र में मंगलवार देर रात आग लगने से एक परिवार का आशियाना उजड़ गया। मोरी प्रखंड के सिदरी गांव स्थित फफराला तोक में आग ने लकड़ी से बने दोमंजिला आवासीय भवन को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग इतनी फैल गई कि पूरा मकान जलकर राख हो गया।

जानकारी के मुताबिक, मकान मालिक दिनेश कुमार का परिवार घटना के समय घर में सो रहा था। अचानक मकान में आग भड़कने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए घर के भीतर मौजूद महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

हालांकि, आग की तेजी के चलते परिवार घर में रखा राशन, कपड़े और अन्य जरूरी घरेलू सामान नहीं बचा सका। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई और न ही पशुहानि हुई।

आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना की सूचना पर मोरी से राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू किया।

एसडीएम मुकेश रमोला ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग से दिनेश कुमार के दोमंजिला मकान और उसमें रखा घरेलू सामान जल गया है। नुकसान का आकलन करने के लिए राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया है। इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी गांवों में लकड़ी से बने मकानों की अग्नि सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

(Visited 1 times, 1 visits today)