देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में सल्ट क्षेत्र के विधायक महेश सिंह जीना ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर विधायक जीना ने मुख्यमंत्री को उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक पारंपरिक पहाड़ी उत्पाद भेंट किए। इन उपहारों में स्थानीय पहाड़ी सब्जियां, जैविक कृषि उत्पाद तथा पर्वतीय क्षेत्रों में निर्मित प्राकृतिक खाद्य सामग्री प्रमुख रूप से शामिल रही।
मुख्यमंत्री धामी ने विधायक जीना की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहाड़ी उत्पाद न केवल उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करते हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादकों की आर्थिक उन्नति में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों के प्रयोग और प्रोत्साहन से पहाड़ की अर्थव्यवस्था को नई दिशा और गति मिलती है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि औपचारिक भेंट (Courtesy Gifts) के रूप में उत्तराखंड के स्थानीय, पारंपरिक और जैविक उत्पादों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इससे हमारे पारंपरिक उत्पादों को नई पहचान मिलती है और स्थानीय उत्पादन व विपणन को सीधा प्रोत्साहन मिलता है। महिला स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों और किसानों को इसका प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ प्राप्त होता है।
उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, संस्थानों और सामाजिक–धार्मिक संगठनों से अपील की कि वे अपने कार्यक्रमों और औपचारिक मुलाकातों में पहाड़ी दालें, मंडुवा–झंगोरा, ऑर्गेनिक मसाले, हर्बल उत्पाद, हस्तशिल्प और हाथकरघा वस्त्र जैसे उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों को सम्मानपूर्वक अपनाएं। इससे “लोकल टू ग्लोबल” के संकल्प को मजबूती मिलेगी और राज्य के स्थानीय उत्पाद राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाएंगे।
