देहरादून: देहरादून में अध्ययनरत नॉर्थ ईस्ट के छात्र एंजेल चकमा की नृशंस हत्या पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए कहा कि यह केवल एक छात्र की मृत्यु नहीं, बल्कि एक परिवार के सपनों और उम्मीदों का असमय अंत है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत एंजेल चकमा के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए कहा कि इस असहनीय दुःख की घड़ी में उत्तराखंड सरकार और प्रदेश की जनता पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने एंजेल चकमा के पिता से फोन पर बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया और उत्तराखंड की जनता की ओर से संवेदना प्रकट की।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस जघन्य हत्याकांड में पुलिस द्वारा त्वरित, संवेदनशील और सख़्त कार्रवाई की गई है, जिसमें अधिकांश आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा उत्तराखंड सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों को कानून के अनुसार कठोरतम दंड दिलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड एक शांत, समावेशी और सौहार्दपूर्ण राज्य है, जहां देश के प्रत्येक कोने से आने वाले छात्र सुरक्षित महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अध्ययनरत नॉर्थ ईस्ट सहित सभी बाहरी राज्यों के छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उत्तराखंड सरकार इस संवेदनशील मामले में न्याय सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।
