देहरादून: त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या के मामले को उत्तराखंड सरकार ने बेहद गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट कहा है कि प्रदेश में इस तरह की घटनाओं के लिए कोई जगह नहीं है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अराजक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सरकार प्रदेश में रहने वाले हर नागरिक की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
त्रिपुरा के उनकोटी जिले के नंदानगर निवासी छात्र एंजेल चकमा की हत्या के मामले में पुलिस अब तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें दो नाबालिग शामिल हैं, जिन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। मामले में एक आरोपित अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
फरार आरोपित पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। उसकी तलाश में पुलिस की एक टीम को नेपाल भी भेजा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस को फरार आरोपित की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं और विश्वास जताया है कि वह जल्द ही कानून के शिकंजे में होगा।
मुख्यमंत्री ने मृतक छात्र के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
