नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जनपद के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, कोटाबाग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम के 129वें एपिसोड को आम जनमानस एवं छात्र-छात्राओं के साथ सुना।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का “मन की बात” कार्यक्रम देशवासियों के लिए प्रेरणा का सशक्त माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए विचार प्रत्येक नागरिक में राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “मन की बात” के जरिए देश के कोने-कोने से जनसामान्य की भागीदारी सामने आती है और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्य पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का समाज सेवा, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और युवाओं की सकारात्मक भूमिका पर व्यापक प्रभाव पड़ा है।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित छात्र-छात्राओं से “मन की बात” में बताए गए संदेशों और मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम में सांसद नैनीताल–उधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र अजय भट्ट, विधायक कालाढूंगी बंशीधर भगत, विधायक नैनीताल सरिता आर्या, विधायक रामनगर दीवान सिंह बिष्ट, विधायक लालकुआं मोहन सिंह बिष्ट, मेयर हल्द्वानी नगर निगम गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
