रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस शुरू, कुमाऊं-गढ़वाल को मिली नई रफ्तार

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड को रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर नियमित संचालन का शुभारंभ किया। फिलहाल यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह रेल सेवा केवल एक नई ट्रेन नहीं, बल्कि कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के बीच विकास, संपर्क और अवसरों की नई जीवनरेखा साबित होगी। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री का प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।

उन्होंने बताया कि यह ट्रेन रामनगर, काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए देहरादून पहुंचेगी। इससे कुमाऊं और गढ़वाल के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को भी बेहतर रेल संपर्क मिलेगा। इस सेवा से यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिलेगा।

यह भी पढ़ें : ‘जनता की सुरक्षा से समझौता नहीं’— CM धामी का अलर्ट, अधिकारियों को ग्राउंड जीरो पर उतरने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय रेलवे आधुनिक तकनीक और यात्री सुविधाओं के नए दौर में प्रवेश कर चुकी है। वंदे भारत और नमो भारत जैसी अत्याधुनिक ट्रेनों ने भारत की तकनीकी क्षमता को नई पहचान दी है। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना अंतिम चरण में है, जो उत्तराखंड के धार्मिक, सामाजिक और पर्यटन विकास को नई गति देगी।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश को 2026-27 में रेलवे अवसंरचना विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट मिला है, जबकि राज्य में करीब 39 हजार करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

यात्री बढ़े तो रोज चलेगी ट्रेन: अश्विनी वैष्णव

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस गढ़वाल और कुमाऊं के बीच मजबूत सेतु का काम करेगी। उन्होंने कहा कि यदि इस ट्रेन में यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो इसका संचालन सप्ताह में दो दिन से बढ़ाकर प्रतिदिन किया जाएगा।

रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि 2023 से अब तक उत्तराखंड को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने वाली 20 नई एवं विस्तारित रेल सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं। इसके अलावा राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है।

कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, अरविंद पांडे तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

(Visited 34 times, 34 visits today)