देहरादून: उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई अहम मामलों में सफलता हासिल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चल रहे इस अभियान में अपराधियों के खिलाफ लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
राजपुर फायरिंग केस में शिकंजा कसता गया
राजपुर क्षेत्र में हुई फायरिंग और हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना बार में विवाद के बाद दो पक्षों के बीच रोड रेज के दौरान हुई फायरिंग से जुड़ी है, जिसमें मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग की गोली लगने से मौत हो गई थी। इससे पहले भी इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
18.5 लाख की डकैती का आरोपी ऋषिकेश से पकड़ा गया
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में हुई 18.5 लाख रुपये की डकैती के मामले में फरार चल रहे आरोपी को देहरादून और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने ऋषिकेश से दबोच लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और सघन चेकिंग के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई और गिरफ्तारी को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें :आस्था और विकास का संगम: उत्तराखंड में धार्मिक-सांस्कृतिक परियोजनाओं को मिल रही नई रफ्तार
जेल से फरार 1 लाख का इनामी अपराधी भी गिरफ्तार
उड़ीसा के कटक से जेल तोड़कर फरार हुए एक लाख रुपये के इनामी अपराधी को भी उत्तराखंड पुलिस ने पकड़ने में सफलता हासिल की है। देहरादून और टिहरी पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को वाहन समेत गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ कई राज्यों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
अतिक्रमण और ट्रैफिक नियमों पर भी सख्ती
पुलिस ने डाकरा बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए कई लोगों पर कार्रवाई की। सड़क किनारे अवैध कब्जे हटाए गए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस एक्ट के तहत केस दर्ज किए गए। वहीं, नो-पार्किंग में खड़े वाहनों को हटाकर चालान भी किए गए।
सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान जारी
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि पूरे प्रदेश में चेकिंग और सत्यापन अभियान तेज कर दिया गया है। बैरियर और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है, जबकि पीजी, होटल, आश्रम और धर्मशालाओं में ठहरने वालों का सत्यापन किया जा रहा है।
इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले पब और बार संचालकों पर भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की बढ़ती मौजूदगी और सख्त रुख से साफ संकेत है कि राज्य में अपराधियों के लिए अब कोई जगह नहीं छोड़ी जाएगी।