देहरादून: राजधानी देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार जिंदगियां छीन लीं। साईं मंदिर के पास खाद से लदे एक अनियंत्रित ट्राले ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्राले के नीचे बुरी तरह दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह साल का एक बच्चा घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार परिवार सहारनपुर से देहरादून आ रहा था। इसी दौरान मोहब्बेवाला के पास ट्राला अनियंत्रित होकर कार से टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार की हालत इतनी खराब हो गई थी कि उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद चार शव बाहर निकाले गए। मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।
हादसे में घायल छह वर्षीय बच्चे को भी कार से बाहर निकाला गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। दुर्घटनाग्रस्त कार से दिवाली के उपहार और अन्य सामान भी बरामद हुआ है। इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
हादसे में जान गंवाने वाले लोग:
-
मिश्रेष कपूर (38 वर्ष)
-
निशा आनंद कपूर (38 वर्ष), पत्नी
-
किरण कपूर (63 वर्ष), मां
-
नीरज, कार चालक
घायल:
– माहेर कपूर (6 वर्ष)
इस हादसे ने एक बार फिर मोहब्बेवाला क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है।

