सेलाकुई इंडस्ट्रियल एरिया में भीषण आग, परफ्यूम फैक्ट्री धू-धू कर जली; रसायन और सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप

 

 

 

विकासनगर: देहरादून के सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक परफ्यूम निर्माण फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही फैक्ट्री से उठती ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

जिस फैक्ट्री में आग लगी, उसका नाम जय श्री बालाजी इंडस्ट्रीज बताया गया है। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते उसने आसपास की कुछ औद्योगिक इकाइयों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। भयावह दृश्य देखकर मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

आग के दौरान फैक्ट्री के अंदर शीशे टूटने, रसायनों और एलपीजी सिलेंडरों के धमाकों की तेज आवाजें सुनाई देती रहीं, जिससे हालात और गंभीर हो गए। स्थिति की नजाकत को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने दमकल विभाग के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य संभाला।

आग फैलने के साथ ही आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे कर्मचारी अपना सामान बचाने में जुट गए। एहतियातन कई इलाकों से दमकल की दर्जनों गाड़ियां मौके पर मंगाई गईं। इसके साथ ही देहरादून ओएनजीसी से विशाल पानी का टैंकर भी बुलाया गया। आग पर काबू पाने में जुटे दमकल कर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी।

इस हादसे में लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को संभावित वजह माना जा रहा है।

कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। मौके पर स्थानीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, एसपी देहात पंकज गैरोला समेत विभिन्न थानों की पुलिस फोर्स मौजूद रही और हालात पर नजर बनाए रखी गई।

(Visited 529 times, 1 visits today)