अवैध निर्माणों पर बुलडोजर का प्रहार: रुद्रपुर में चला बड़ा एक्शन, 1100 अतिक्रमण चिन्हित, 600 को नोटिस

 

 

रुद्रपुर/देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देशों के बाद उत्तराखंड में अतिक्रमण के खिलाफ एक व्यापक और सख्त अभियान चलाया जा रहा है। सरकारी जमीन, नजूल भूमि, नदी-नालों और अवैध कॉलोनियों को कब्जा मुक्त करने के इस मिशन के तहत रुद्रपुर में बड़ी कार्रवाई की गई है।

वार्ड नंबर-5 में अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर

रुद्रपुर नगर निगम ने जिला प्रशासन और पुलिस बल के सहयोग से वार्ड नंबर-5 स्थित पहाड़गंज क्षेत्र में नजूल भूमि पर बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इस अभियान को कानून व्यवस्था और सुव्यवस्थित शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

1100 से अधिक अतिक्रमण चिन्हित, 600 को नोटिस जारी

नगर निगम की ओर से अब तक 1100 से अधिक अवैध निर्माणों की पहचान की जा चुकी है। इनमें से करीब 600 निर्माणकर्ताओं को नोटिस जारी कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है। निगम ने चेताया है कि निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई न करने पर सीधी बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी।

कल्याणी नदी के किनारे भी सख्ती

उपनगर आयुक्त शिप्रा जोशी ने जानकारी दी कि कल्याणी नदी के किनारे हो रहे अतिक्रमण की भी पहचान की जा रही है। चिन्हित निर्माणों को पहले नोटिस भेजा जाएगा और समयसीमा में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो वहां भी बुलडोजर चलेगा।

प्रशासनिक समन्वय से सफल हुआ अभियान

पहाड़गंज क्षेत्र की कार्रवाई प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के संयुक्त प्रयास से सफल रही। निगम ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति किए गए निर्माण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

उत्तराखंड सरकार का यह अभियान न केवल अतिक्रमण हटाने तक सीमित है, बल्कि यह एक स्पष्ट संदेश भी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई तय है। शहरी विकास को सुचारू और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए यह पहल आने वाले समय में अन्य शहरों के लिए भी उदाहरण बनेगी।

(Visited 1,051 times, 1 visits today)