देहरादून में “स्वेच्छा से स्वच्छता” अभियान: मुख्यमंत्री धामी ने खुद झाड़ू उठाकर दिया संदेश

 

 

 

देहरादून: CM पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बल्लूपुर चौक में नगर निगम, देहरादून द्वारा आयोजित “स्वेच्छा से स्वच्छता” कार्यक्रम में भाग लेते हुए प्रदेशवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं सफाई अभियान में हिस्सा लेकर आमजन को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

नगर निगम, देहरादून द्वारा 7 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना रहा। अभियान के तहत विभिन्न वार्डों में व्यापक स्तर पर सफाई, कूड़ा निस्तारण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक हर नागरिक स्वेच्छा से इस दिशा में योगदान नहीं देगा, तब तक स्थायी परिवर्तन संभव नहीं होगा। उन्होंने लोगों से अपने घर, मोहल्ले और शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी स्वयं निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने नगर निगम के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जनभागीदारी आधारित अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाते हैं और इन्हें नियमित रूप से चलाया जाना चाहिए, ताकि स्वच्छता के प्रति जागरूकता बनी रहे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक सविता कपूर, महामंत्री संगठन अजेय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 
(Visited 224 times, 1 visits today)