देहरादून: उपनल कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए उत्तराखंड उपनल संविदा कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट से मुलाकात की। इस दौरान भट्ट ने आश्वस्त किया कि सरकार और पार्टी कर्मचारी हितों के प्रति पूर्णतया कटिबद्ध है और शीघ्र ही सभी मुद्दों का सकारात्मक समाधान कर लिया जाएगा।
यह मुलाकात यमुना कॉलोनी स्थित प्रदेश अध्यक्ष के आवास पर हुई, जहां उपनल प्रतिनिधियों ने अपनी प्रमुख मांगों एवं समाधान सुझावों पर विस्तार से चर्चा की। प्रदेशाध्यक्ष भट्ट ने ध्यानपूर्वक सभी बिंदुओं को सुना और कहा कि संगठन कर्मचारियों के हितों को लेकर पूरी तरह सजग और समर्पित है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि वे उपनल कर्मचारियों के मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शीघ्र वार्ता करेंगे। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि सभी समस्याओं का स्थायी समाधान संवाद के माध्यम से ही संभव है, इसलिए सरकार और उपनल संविदा कर्मचारी संघ के बीच लगातार वार्ता जारी रहनी चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि सभी कर्मचारी हमारे परिवार का हिस्सा हैं और उनके हितों की रक्षा पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि अब तक हुई चर्चाओं और मुख्यमंत्री की गंभीरता को देखते हुए बहुत जल्द सभी समस्याओं का पूर्ण समाधान प्राप्त होगा।
