देहरादून: राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में भालू और गुलदार के बढ़ते हमलों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने वन विभाग को निर्देश दिए कि ग्राम प्रधानों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर सुरक्षा उपायों को मजबूत किया जाए, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके और ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाई जा सके।
प्रदेशाध्यक्ष भट्ट ने प्रमुख वन संरक्षक से विस्तृत जानकारी लेते हुए कहा कि वन एवं प्रशासनिक अधिकारी किसी भी हिंसक घटना या उसकी संभावना पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों व स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने और ग्रामीणों को सावधानियों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
भट्ट ने कहा कि वन्य जीव संघर्ष में जान गंवाने वाले व्यक्तियों के परिजनों को त्वरित आर्थिक सहायता और आवश्यक सहयोग बिना देरी उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
इस दौरान उन्होंने एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया कि भालू या गुलदार के हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति के उपचार पर अक्सर 2 लाख रुपये से कहीं अधिक खर्च हो जाता है, जबकि वर्तमान अनुमन्य सहायता राशि इसके मुकाबले बहुत कम है। उन्होंने कहा कि घायल व्यक्तियों की आर्थिक मदद अधिक व्यावहारिक बनाने हेतु वे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शीघ्र आग्रह करेंगे, ताकि पीड़ित परिवारों का बोझ कम हो सके।
