TMP: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सीएम धामी ने राज्य से जुड़े दो महत्वपूर्ण मुद्दों पर रक्षा मंत्री से विशेष रूप से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एयर फोर्स ऑडिट ब्रांच लंबे समय से देहरादून में बिना किसी व्यवधान के सुचारू रूप से संचालित हो रही है। उत्तराखंड की सीमाएँ चीन और नेपाल से लगी होने के साथ ही प्रदेश में सेना व सुरक्षा बलों के कई प्रमुख प्रतिष्ठान मौजूद हैं, ऐसे में देहरादून का सामरिक महत्व अत्यंत बढ़ जाता है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि एयर फोर्स ऑडिट ब्रांच को देहरादून में ही यथावत रखा जाए और इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएँ।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने ग्वालदम–नंदकेसरी–थराली–देवाल–मुन्दोली–वाण मोटर मार्ग के रख-रखाव का कार्य भविष्य में भी उत्तराखंड लोक निर्माण विभाग (PWD) को ही सौंपे रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह मार्ग विश्वप्रसिद्ध नंदा देवी राजजात यात्रा का प्रमुख रूट है, जिसकी अगली यात्रा वर्ष 2026 में प्रस्तावित है। धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के इस आयोजन की सुचारू व्यवस्था के लिए मार्ग का रख-रखाव स्थानीय स्तर पर PWD द्वारा किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्थानीय भौगोलिक स्थितियों, समन्वय और त्वरित कार्य क्षमता को देखते हुए PWD ही इस मार्ग के रख-रखाव के लिए सर्वोत्तम विभाग है, जिससे न केवल आगामी यात्रा बल्कि स्थानीय आवागमन को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री द्वारा उठाए गए विषयों पर सकारात्मक विचार का भरोसा दिलाया।
