TMP: उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के मुख्य समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शनिवार को देहरादून स्थित वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) पहुंचकर 9 नवम्बर को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ एवं व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि 9 नवम्बर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संभावित उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाएं सर्वोच्च प्राथमिकता पर की जाएं। उन्होंने कहा कि यह समारोह उत्तराखंड के 25 वर्षों की उपलब्धियों और भविष्य की दिशा को दर्शाने वाला ऐतिहासिक अवसर होगा, इसलिए व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
मुख्य सचिव बर्द्धन ने बताया कि समारोह में लगभग 60 से 70 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन के प्रवेश और निकास के लिए सुचारु मार्ग बनाए जाएं ताकि भीड़ प्रबंधन प्रभावी ढंग से हो सके। यातायात और पार्किंग की योजना वृहद स्तर पर तैयार करने को कहा गया है, ताकि कार्यक्रम स्थल और शहर के अन्य हिस्सों में किसी प्रकार की जाम या असुविधा की स्थिति उत्पन्न न हो।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों से कहा कि समारोह से जुड़ी तैयारियों की नियमित समीक्षा करते रहें और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया, जनसंपर्क और सूचना प्रसारण से जुड़ी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं ताकि राज्य की उपलब्धियों को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया जा सके।
