अब खेल विभाग बनाएगा ‘अग्निवीर’! धामी सरकार देगी युवाओं को फिजिकल ट्रेनिंग से लेकर दौड़ तक की सुविधा

 

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड सरकार अब युवाओं को ‘अग्निवीर’ बनने की तैयारी में सहयोग देगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग को निर्देश दिए हैं कि वे अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को दौड़ और शारीरिक प्रशिक्षण की आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएं। इसके लिए राज्यभर में प्रशिक्षण कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में खेल विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रक्षा सेवाओं में भर्ती के लिए शारीरिक रूप से तैयार करने में खेल विभाग अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को दौड़, शारीरिक क्षमता और अनुशासन से जुड़ा प्रशिक्षण प्रदान किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के क्षेत्र में उत्तराखंड की पहचान लगातार मजबूत हो रही है। राष्ट्रीय खेलों के दौरान निर्मित खेल अवसंरचनाओं का नियमित रखरखाव और उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्यभर में नियमित खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कर इन परिसरों को सक्रिय रखा जाए।

धामी ने हल्द्वानी में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उत्तराखंड खेल क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।

मुख्यमंत्री ने युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और भागीदारी बढ़ाने के लिए न्याय पंचायत स्तर से लेकर विधायक, सांसद और मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी जैसी प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि 39वें राष्ट्रीय खेलों के दृष्टिगत राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को समयबद्ध तरीके से पुरस्कार, छात्रवृत्ति और बीमा सुरक्षा का लाभ दिया जाए।

धामी ने यह भी कहा कि निजी क्षेत्र और कॉरपोरेट जगत की भागीदारी से खेल अवसंरचना को और सशक्त किया जाएगा। साथ ही, अनुभवी प्रशिक्षकों की नियुक्ति और खेल अकादमियों की स्थापना से संबंधित कार्यों में तेजी लाई जाए।

 

(Visited 4,168 times, 1 visits today)