आपदा पीड़ितों के बीच पहुंचे CM धामी, इगास पर्व मनाते हुए की कई बड़ी घोषणाएं

 

 

 

 

TMP: लोकपर्व इगास के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को रुद्रप्रयाग जनपद के वसुकेदार तहसील क्षेत्र के ग्राम भौंर पहुंचे। यहां उन्होंने हाल ही में आई आपदा से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानी, राहत कार्यों की समीक्षा की और पीड़ितों को आर्थिक सहायता एवं भरोसा दोनों प्रदान किया।

मुख्यमंत्री धामी ने आपदा में जान-माल की क्षति झेलने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मृतक कुलदीप सिंह नेगी (वन श्रमिक) एवं सते सिंह के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि के चेक प्रदान किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है और किसी को भी अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने ग्राम भौंर में आपदा प्रभावितों से व्यक्तिगत रूप से भेंट की, उनके अनुभव और समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रभावित परिवारों को समयबद्ध राहत सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा पुनर्निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, बिजली, आवास और संचार जैसी सभी क्षतिग्रस्त संरचनाओं का त्वरित पुनर्निर्माण किया जा रहा है ताकि लोग जल्द से जल्द सामान्य जीवन में लौट सकें।

मुख्यमंत्री धामी ने आपदा प्रभावित परिवारों के साथ मध्यान्ह भोजन भी किया और उन्हें विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक आपदा-संवेदनशील राज्य है, इसलिए सरकार ने आपदा प्रबंधन को और सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत कार्यों में संवेदनशीलता, तत्परता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं—

  • आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई हेतु स्थायी हेलीपैड निर्माण की घोषणा।

  • ग्राम भौंर में आंगनवाड़ी केंद्र निर्माण की घोषणा।

  • ग्राम भौंर तक मोटर सड़क निर्माण हेतु 1 करोड़ रुपये की स्वीकृति, जिससे दोपहिया वाहनों की आवाजाही संभव होगी।

  • छेनागाड़ के विस्थापित परिवारों के पुनर्वास हेतु पुनर्वास योजना तैयार करने के निर्देश।

  • आपदा में क्षतिग्रस्त हुए वाहनों के मुआवजे की भी घोषणा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने मुख्यमंत्री राहत कोष के अंतर्गत आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए विशेष प्रावधान किए हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि कठिन समय में धैर्य बनाए रखें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

मुख्यमंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और राज्य सरकार के त्वरित राहत प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।

(Visited 1,130 times, 1 visits today)