देहरादून: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की प्रस्तावित दून यात्रा से पहले राष्ट्रपति निकेतन परिसर में हॉर्स राइडिंग एरीना और राजपुर रोड स्थित फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। दोनों परियोजनाओं का लोकार्पण राष्ट्रपति की आगामी यात्रा के दौरान होने की संभावना है।
राष्ट्रपति सचिवालय के अतिरिक्त सचिव डॉ. राकेश गुप्ता ने रविवार को देहरादून में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि राष्ट्रपति की परिसंपत्तियों के अंतर्गत चल रहे सभी कार्य तय समय पर पूर्ण किए जाएँ। बैठक में जिलाधिकारी डॉ. सबिन बंसल, डीजी सूचना बंशीधर तिवारी, एसएसपी अजय सिंह और सीएमओ नमामि बंसल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
132 एकड़ में आकार ले रहा है राष्ट्रपति उद्यान
देहरादून में राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति तपोवन के बाद अब “राष्ट्रपति उद्यान” परियोजना भी तेजी से आकार ले रही है। 132 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहा यह उद्यान सुगम्यता, सततता और सामुदायिक सहभागिता के सिद्धांतों पर आधारित होगा।
यहाँ थीम आधारित पुष्प उद्यान, तितली गृह, पक्षीशाला, झील, सार्वजनिक पुस्तकालय, साइकिल एवं पैदल ट्रैक, मुक्ताकाशी रंगमंच (800 सीटें) और फूड प्लाजा जैसी आधुनिक सुविधाएँ होंगी। देश का दूसरा सबसे ऊँचा राष्ट्रीय ध्वज स्तंभ भी इस उद्यान की पहचान बनेगा।
राष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार, इस परियोजना का लक्ष्य अगले वर्ष तक कार्य पूर्ण कर इसे जनता के लिए खोलने का है।
हॉर्स राइडिंग एरीना -राष्ट्रपति बॉडीगार्ड की शौर्य परंपरा का प्रतीक
राष्ट्रपति निकेतन परिसर में घुड़सवारी एरीना एक नया आकर्षण बनने जा रहा है। यहाँ पर राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली से प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड के छह प्रशिक्षित घोड़े लाए जा रहे हैं। यह स्थल जनता को घोड़ों की सवारी, उनकी देखभाल और प्रशिक्षण की प्रक्रिया को करीब से देखने का अवसर देगा।
पर्वतीय शैली वाला फुट ओवर ब्रिज भी बना आकर्षण
आगंतुकों की सुगमता के लिए लोक निर्माण विभाग ने राजपुर रोड पर पारंपरिक पहाड़ी वास्तुशिल्प की छाप वाला फुट ओवर ब्रिज तैयार किया है।
32 मीटर लंबे और 4 मीटर चौड़े इस पुल में दोनों ओर लिफ्ट की सुविधा दी गई है। ब्रिज का निर्माण मात्र छह माह में पूरा किया गया।
राष्ट्रपति सचिवालय के जनसंपर्क अधिकारी कुमार समरेश ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू की यात्रा के दौरान हॉर्स राइडिंग एरीना और फुट ओवर ब्रिज का लोकार्पण संभव है।
राष्ट्रपति निकेतन और तपोवन — बन रहे नए पर्यटन स्थल
राष्ट्रपति मुर्मू द्वारा 20 जून को लोकार्पित राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति तपोवन आम जनता के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुके हैं। बीते चार महीनों में राष्ट्रपति निकेतन में 4,753 और राष्ट्रपति तपोवन में 15,567 लोगों ने भ्रमण किया।
राष्ट्रपति सचिवालय का अनुमान है कि निर्माणाधीन राष्ट्रपति उद्यान खुलने के बाद हर वर्ष लगभग 20 लाख आगंतुक यहाँ आएंगे, जिससे देहरादून के सांस्कृतिक और पर्यटन परिदृश्य को नई पहचान मिलेगी।
