आदि कैलाश परिक्रमा रन का फ्लैग ऑफ, मुख्यमंत्री धामी ने किया लोगो अनावरण

 

 

 

 

देहरादून:  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास से 2 नवंबर 2025 को प्रस्तावित आदि कैलाश परिक्रमा रन (अल्ट्रा मैराथन) के प्रोमो रन का फ्लैग ऑफ किया और कार्यक्रम का लोगो अनावरण किया। यह आयोजन उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मैराथन साहसिक और शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने, युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशा मुक्त उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह दौड़ 10,300 से 15,000 फीट की ऊंचाई पर आयोजित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि व्यास घाटी में होने वाला यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास, पलायन की समस्या के समाधान, स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने और पर्यटन अवसंरचना को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की वाइब्रेंट विलेज योजना को भी यह कार्यक्रम गति प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि स्थानीय पहचान, सम्मान और होम-स्टे एवं पर्यटन क्षेत्र में स्थायी रोजगार सृजित करने का सशक्त माध्यम भी है।

प्रोमो रन में प्रदेशभर के बच्चों, युवाओं और सभी आयु वर्ग के लोगों ने प्रतिभाग किया। दौड़ का समापन उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद कार्यालय में हुआ।

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि इस प्रोमो रन की 10 किलोमीटर दौड़ में शीर्ष तीन प्रतिभागियों को 2 नवंबर को गुंजी (पिथौरागढ़) में आयोजित होने वाली “आदि कैलाश मैराथन” में प्रतिभाग का अवसर मिलेगा। यह मैराथन पाँच श्रेणियों – 60 किमी अल्ट्रा रन, 42 किमी फुल मैराथन, 21 किमी हाफ मैराथन, 10 किमी रन एवं 5 किमी रन – में आयोजित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि आयोजन की सफलता के बाद जून 2026 में माणा-नीति क्षेत्र में अगली मैराथन का प्रस्ताव है, जिसमें विजेताओं के लिए कुल ₹50 लाख की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

(Visited 753 times, 1 visits today)