देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को घंटाघर, देहरादून में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित ‘नमो युवा रन’ का फ्लैग ऑफ किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों के साथ दौड़ में शामिल होकर युवाओं का उत्साहवर्धन भी किया।
युवाओं में स्वास्थ्य और राष्ट्रभक्ति का संदेश
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘नमो युवा रन’ केवल एक खेल आयोजन नहीं है, बल्कि यह युवाओं में ऊर्जा, स्वास्थ्य, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को नई दिशा और व्यापक जनभागीदारी प्रदान कर रही हैं।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएँ।
‘सेवा पखवाड़ा’ से समाज को नई गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से देशभर में सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को नई ऊर्जा मिल रही है। ‘सेवा पखवाड़ा’ जैसे कार्यक्रम समाज के हर वर्ग को सकारात्मक योगदान देने का अवसर प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं की ऊर्जा राष्ट्रहित में और अधिक सार्थक बनती है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक श्री खजान दास, कार्यक्रम संयोजक विपुल मैदोली, सह संयोजक देवेंद्र बिष्ट समेत अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
