देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड में हाल ही में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का व्यापक आकलन किया। प्रधानमंत्री ने आज जौलीग्रांट एअरपोर्ट पर समीक्षा बैठक के दौरान राज्य में हुए व्यापक नुकसान और राहत बचाव कार्यों की समीक्षा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के लिए 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की। साथ ही उन्होंने पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत उन बच्चों के लिए विशेष सहायता की घोषणा की, जो बाढ़ व भूस्खलन के कारण अनाथ हुए हैं।
प्रधानमंत्री ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्र स्वयंसेवकों से भेंट कर उनके प्रयासों की सराहना की और उनकी कार्यशक्ति को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उन्हें समुचित मदद देने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने 1200 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता भी घोषित की, ताकि बुनियादी सुविधाओं की पुनर्स्थापना एवं प्रभावित इलाकों के पुनर्निर्माण कार्य युद्धस्तर पर किया जा सके। उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का पूर्ण आश्वासन दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,“उत्तराखंड की जनता के दुःख-दर्द को समझते हुए केंद्र सरकार हर संभव प्रयास कर रही है ताकि शीघ्र राहत एवं पुनर्निर्माण कार्य संपन्न हो।”
यह कदम केंद्र-राज्य साझेदारी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है और संकट के समय में एकजुट होकर देशहित में कार्य करने का संदेश देता है।
