उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण को नई उड़ान: ‘सशक्त बहना उत्सव’ में सीएम धामी ने किया उद्यमशाला योजना का शुभारंभ

 

 

TMP: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में ‘सशक्त बहना उत्सव योजना’ के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित किया और उनसे संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना का शुभंकर और लोगो लॉन्च किया, साथ ही ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के नए उत्पाद व वेबसाइट का लोकार्पण किया।



सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता और रोजगार में अधिक से अधिक अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत अगले तीन वर्षों में 15 हजार से अधिक उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और ‘लखपति दीदियों’ को कौशल प्रशिक्षण, कानूनी सहयोग, निवेश सहायता और विपणन नेटवर्क की सुविधा दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के अंतर्गत फिलहाल 35 उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद उपलब्ध हैं, जिन्हें जल्द ही वैश्विक बाजार में भी पहुंचाया जाएगा। प्रदेश में 68 हजार स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से करीब 5 लाख महिलाएं संगठित होकर व्यवसाय कर रही हैं और अब तक 1.63 लाख महिलाएं ‘लखपति’ बन चुकी हैं।



कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आई महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं, जिनमें स्वरोजगार, कृषि, पर्यटन, बेकरी, मशरूम उत्पादन और रेशम उद्योग से जुड़ी उपलब्धियां शामिल रहीं।

(Visited 1,546 times, 1 visits today)