उत्तराखंड निवेश की ऊंचाइयों पर: सीएम धामी के नेतृत्व में 1 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर”

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को एक ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाते हुए घोषणा की कि उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 में हुए 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौतों में से 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव अब धरातल पर उतर चुके हैं। इस अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री  अमित शाह भी मौजूद रहे, जिन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “यह केवल आर्थिक निवेश का उत्सव नहीं है, बल्कि उत्तराखंड की संभावनाओं, उद्यमिता और जनभागीदारी से जुड़ी समावेशी विकास गाथा का प्रतिबिंब है। राज्य आत्मनिर्भरता और औद्योगिक समृद्धि की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।”

कार्यक्रम में 1,342 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि औद्योगिक, लॉजिस्टिक, स्टार्टअप और MSME नीति सहित राज्य में 30 से अधिक नीतियां लागू की गई हैं। “निवेश मित्र” पोर्टल, 260 से अधिक ऑनलाइन व्यावसायिक सेवाएं, और 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड इस दिशा में ठोस प्रयासों का प्रमाण हैं।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि शांतिप्रिय वातावरण, कुशल प्रशासन और मजबूत कनेक्टिविटी के कारण उत्तराखंड निवेशकों का पसंदीदा गंतव्य बन चुका है।

पतंजलि समूह के संस्थापक बाबा रामदेव ने राज्य को भारत माता का मुकुट बताते हुए इसकी वेलनेस और पर्यावरणीय नीतियों की सराहना की, वहीं यूपीईएस के अध्यक्ष डॉ सुनील राय ने राज्य में शिक्षा और शोध संस्थानों की गुणवत्ता को निवेश के लिए मजबूत आधार बताया।

नैनी पेपर्स के एमडी पवन अग्रवाल ने बताया कि उनका नया प्लांट 300 नए रोजगार सृजित कर रहा है और पूरी तरह कृषि-आधारित संसाधनों से संचालित है, जिससे किसानों और पर्यावरण दोनों को लाभ मिल रहा है।

इस गौरवशाली आयोजन में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, सांसद अजय भट्ट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, कई विधायक और मंत्री भी उपस्थित रहे। सांस्कृतिक टीमों ने पारंपरिक मंगलगान के साथ अतिथियों का स्वागत किया।

 

(Visited 1,978 times, 1 visits today)