देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही अतिवृष्टि और विशेषकर केदारनाथ धाम सहित संवेदनशील क्षेत्रों में उत्पन्न हालात को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राज्य के हालात की फोन पर जानकारी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री से बात कर हालात की गंभीरता को समझा और आपात राहत एजेंसियों को तत्पर रहने के निर्देश दिए।
गृहमंत्री ने आश्वस्त किया कि चारधाम यात्रा किसी भी हाल में बाधित न हो, इसके लिए NDRF और ITBP को तैनात किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही, उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि राज्य के अन्य आपदा संभावित जिलों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से केंद्रीय गृहमंत्री के इस संवेदनशील, सक्रिय और सहृदय नेतृत्व के लिए आभार प्रकट किया गया है। यह कदम न केवल राज्य प्रशासन को बल प्रदान करता है, बल्कि आमजन और तीर्थयात्रियों में भी भरोसा जगाता है कि केंद्र और राज्य सरकार आपदा प्रबंधन को लेकर पूरी तरह सतर्क और समर्पित हैं।
गौरतलब है कि इन दिनों उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन और मार्ग बाधित होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में केंद्रीय स्तर से मिल रहा सहयोग राज्य के लिए राहत की बड़ी उम्मीद बनकर सामने आया है।
