देहरादून/पौड़ी: पौड़ी जनपद के रिखणीखाल ब्लॉक अंतर्गत वड्डाखाल क्षेत्र में बिजली लाइन पर काम करते समय संविदा लाइनमैन की करंट लगने से हुई दर्दनाक मौत ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
लापरवाही पर सीधी कार्रवाई: तीन अधिकारी तत्काल निलंबित
विधायक महंत दलीप सिंह रावत की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर संबंधित उपखंड अधिकारी चंद्रमोहन, अवर अभियंता शुभम कुमार और अधिशासी अभियंता विनीत कुमार सक्सेना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कार्यस्थलों पर लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है।
मुख्यमंत्री ने दी चेतावनी: सुरक्षा से समझौता नहीं चलेगा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि काम के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्युत कार्यों के समय हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, ग्लव्स, इन्सुलेटेड टूल्स जैसे आवश्यक सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि इन उपकरणों की मौजूदगी और उपयोगिता फील्ड स्तर तक सुनिश्चित की जाए।
UPCL से मांगा स्पष्टीकरण
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) के उच्चाधिकारियों से सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और वितरण को लेकर विस्तृत स्पष्टीकरण तलब किया है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि विभाग के पास कितने सुरक्षात्मक संसाधन उपलब्ध हैं और क्या वे सही तरीके से फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों तक पहुँच रहे हैं या नहीं।
कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि: सीएम धामी
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार प्रत्येक कर्मचारी के जीवन और सुरक्षा को सर्वोपरि मानती है। कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार की लापरवाही न तो स्वीकार की जाएगी, न ही माफ की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को चेताया कि भविष्य में ऐसी किसी भी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हर संभव उपाय किए जाएं।
