उत्तरकाशी: उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय “देवभूमि रजत उत्सव एवं शीतकालीन चारधाम यात्रा पर आधारित कार्यक्रम” के अंतिम दिन के कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को रजत जयंती वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले शहीदों एवं आंदोलनकारियों को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने राज्य निर्माण में मातृशक्ति के योगदान को विशेष रूप से स्मरण करते हुए कहा कि महिलाओं की भूमिका उत्तराखंड आंदोलन से लेकर आज ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने तक महत्वपूर्ण रही है। इस अवसर पर उत्तराखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पृथक राज्य आंदोलन के प्रमुख स्तंभ एवं ‘उत्तराखंड के गांधी’ स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी की जयंती भी है। उन्होंने बडोनी जी के संघर्षों को स्मरण करते हुए कहा कि उनके विचार और संकल्प आज भी राज्य के मार्गदर्शन का आधार हैं। रजत जयंती वर्ष के अवसर पर शीतकालीन चारधाम यात्रा को प्रोत्साहन देकर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन को नई दिशा दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और विद्युत जैसी बुनियादी सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकल फॉर वोकल और मेड इन इंडिया अभियान को राज्य में प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। मुखवा–हर्षिल से शीतकालीन चारधाम यात्रा को प्रोत्साहन मिलने से वर्षभर पर्यटन गतिविधियों को गति मिली है। इसके साथ ही एक जनपद–एक उत्सव की अवधारणा पर भी कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने औद्योगिक विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इन्वेस्टर समिट के माध्यम से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश को धरातल पर उतारा गया है। स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज, हस्तशिल्प, स्वयं सहायता समूह, शिल्प एवं बुनाई को विशेष पहचान दी जा रही है। होमस्टे, लखपति दीदी और वेडिंग डेस्टिनेशन जैसी योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पलायन निवारण आयोग की रिपोर्ट के अनुसार राज्य में रिवर्स पलायन में लगभग 44 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के क्षेत्र में उत्तराखंड अग्रणी राज्यों में शामिल है और अब तक 26 हजार 500 से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से नियुक्ति दी जा चुकी है। नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्य इंडेक्स में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर रहा है।
मुख्यमंत्री ने जनपद उत्तरकाशी में स्वास्थ्य एवं आधारभूत ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि 23 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर यूनिट तथा 46 करोड़ रुपये से पुरोला में उप जिला अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। प्रत्येक गांव को सड़क से जोड़ने का कार्य निरंतर प्रगति पर है। निर्माणाधीन सिलक्यारा टनल के पूर्ण होने से यमुनोत्री और गंगोत्री के बीच की दूरी कम होगी और पर्यटन को नई गति मिलेगी।
प्राकृतिक आपदाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदाओं को रोकना संभव नहीं है, लेकिन बेहतर तैयारी के माध्यम से उनके प्रभाव को कम किया जा सकता है। इसके लिए उच्च हिमालयी क्षेत्रों में स्थित झीलों की निगरानी हेतु आधुनिक निगरानी प्रणालियों पर कार्य किया जा रहा है। धराली आपदा प्रभावितों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण कानून सहित अन्य कानूनों के माध्यम से देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान की रक्षा की जा रही है और सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया है।
इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शीतकालीन चारधाम यात्रा को केंद्र में रखकर रजत जयंती वर्ष मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड निर्माण का सपना पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने साकार किया, जिसे आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान निबंध, चित्रकला, रंगोली एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र–छात्राओं को सम्मानित किया गया। देवभूमि रजत उत्सव के अंतर्गत लगाई गई विकास प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें पिछले 25 वर्षों की विकास यात्रा को चित्रों, वीडियो और डिजिटल माध्यमों से प्रस्तुत किया गया।
सायंकालीन सत्र में देवभूमि रजत उत्सव के अंतर्गत संगीता ढौंडियाल एवं पांडावाज बैंड की सांस्कृतिक प्रस्तुति आयोजित की जाएगी। इससे पूर्व अजय भारती समूह, अज्जू तोमर और श्वेता महारा की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया।
