CM धामी ने 75 करोड़ से अधिक की योजनाओं को दी वित्तीय स्वीकृति, सड़क, स्वास्थ्य और जल संरचना को मिलेगा नया बल

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याण को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न विकास योजनाओं को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। प्रदेशभर में पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन से जुड़ी योजनाओं के लिए 75 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिससे राज्य के विकास कार्यों को नई ऊर्जा मिलेगी।

देहरादून में सीवरेज कार्यों के लिए 31.47 करोड़ की मंजूरी

पेयजल विभाग, देहरादून के अंतर्गत सीवरेज कार्यों की 07 महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए ₹3147.32 लाख की वित्तीय स्वीकृति दी गई है, जिससे शहर में स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा।

उधमसिंह नगर के दिनेशपुर को मिला जल संरक्षण का समर्थन

अमृत 2.0 वॉटर बॉडीज योजना के अंतर्गत दिनेशपुर नगर निकाय की 02 जल निकाय विकास योजनाओं के लिए ₹97 लाख की मंजूरी दी गई है।

चमोली में भू-धंसाव से निपटने को 7.78 करोड़

राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के अंतर्गत चमोली जिले के गोपेश्वर में भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र हल्दापानी में कार्य के लिए ₹778.97 लाख स्वीकृत किए गए हैं। यह राशि आपदा से सुरक्षा और स्थायी संरचना के विकास में सहायक होगी।

13 ग्रामीण सड़कों को मिलेगी नई दिशा, 33.82 करोड़ की स्वीकृति

मुख्यमंत्री संपर्क योजना के तहत प्रदेश की 13 नई ग्रामीण सड़क योजनाओं के लिए ₹3382.48 लाख NABARD से वित्त पोषण के लिए अनुमोदन प्रदान किया गया है। इससे दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होगा और ग्रामीणों को राहत मिलेगी।

कपकोट और थराली में उप जिला चिकित्सालय

जनपद बागेश्वर के कपकोट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय में उच्चीकृत किया गया है। साथ ही चमोली जनपद के थराली सीएचसी को नवीन स्थान कुलसारी में अपग्रेड कर उप जिला अस्पताल बनाया जाएगा। इसके लिए मानकों में शिथिलता प्रदान करते हुए अनुमोदन दिया गया है।

(Visited 665 times, 1 visits today)