लोक संस्कृति के प्रहरी अब रहेंगे सुरक्षित: CM धामी ने लोक कलाकारों के लिए दुर्घटना बीमा योजना की घोषणा की

 

 



देहरादून: उत्तराखंड की लोक संस्कृति को संवारने और संजोने वाले कलाकारों के लिए एक बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण घोषणा की। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के दौरान किसी भी प्रकार की मार्ग दुर्घटना की स्थिति में लोक कलाकारों को बीमा सुरक्षा प्रदान की जाएगी।

इस नई पहल के तहत संस्कृति विभाग से संबद्ध सांस्कृतिक दलों के कलाकारों का दुर्घटना बीमा (इंश्योरेंस) किया जाएगा, जिससे अब सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान उनकी सुरक्षा और भविष्य दोनों सुनिश्चित हो सकेंगे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अब इन सांस्कृतिक दलों का कार्यक्रम आवंटन और भुगतान सीधे संस्कृति निदेशालय के माध्यम से किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया भी पारदर्शी और सुचारु हो सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा,

“हमारे लोक कलाकार राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संवाहक हैं। ये कलाकार लोक संगीत, नृत्य और परंपराओं को न केवल जीवित रख रहे हैं, बल्कि उसे नई पहचान भी दिला रहे हैं। राज्य सरकार ऐसे कलाकारों के हितों की रक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है।”

यह निर्णय ऐसे समय पर आया है जब लोक संस्कृति से जुड़े कलाकार राज्य भर में विभिन्न मेलों, पर्वों और कार्यक्रमों में प्रस्तुति देते हुए दूर-दराज की यात्रा करते हैं, जहां अकसर सुरक्षा की चिंता बनी रहती है। बीमा सुरक्षा से अब ये कलाकार आर्थिक असुरक्षा से मुक्त होकर अपने काम को पूरी लगन और निर्भयता के साथ कर सकेंगे।

इस कदम से न सिर्फ लोक कलाकारों को सम्मान मिलेगा, बल्कि प्रदेश की लोक कला, संगीत और संस्कृति को भी एक नई ऊर्जा और संरक्षण प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री धामी का यह फैसला लोक संस्कृति संवर्धन की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

(Visited 1,581 times, 1 visits today)