देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हिमाद्री आइस रिंक, रजत जयंती खेल परिसर रायपुर, देहरादून में आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2025 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने थाईलैंड की टीम को चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में पहली बार आयोजित हो रही इस अंतर्राष्ट्रीय शीतकालीन प्रतियोगिता की मेजबानी उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है। इस चैंपियनशिप में एशिया के 11 देशों से आए 200 से अधिक खिलाड़ियों ने 9 अलग-अलग प्रतिस्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। भारत के खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 स्वर्ण सहित कई पदक जीते।
सीएम धामी ने कहा कि यह आयोजन भारत में शीतकालीन खेलों के नए युग की शुरुआत का प्रतीक बनेगा और खिलाड़ियों को वैश्विक स्तर पर प्रेरित करेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके मार्गदर्शन में भारत खेलों में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में उत्तराखंड ने 38वें राष्ट्रीय खेलों की सफल मेजबानी कर राज्य को “देवभूमि” के साथ “खेलभूमि” के रूप में भी स्थापित किया है। इन खेलों में राज्य ने 103 पदक जीतकर पहली बार 7वां स्थान हासिल किया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में 517 करोड़ की लागत से आधुनिक स्टेडियम और लगभग 100 करोड़ की लागत से अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेल उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। वर्षों से बंद पड़ी हिमाद्री आइस रिंक को जीर्णोद्धार कर पुनः खिलाड़ियों को समर्पित किया गया है। यह देश की एकमात्र ओलिंपिक स्टैंडर्ड आइस रिंक है, जिसमें 14 वर्षों के बाद अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन हुआ है।
सीएम धामी ने राज्य सरकार की स्पोर्ट्स लीगेसी प्लान की घोषणा करते हुए बताया कि प्रदेश के 8 शहरों में 23 खेल अकादमियां, प्रथम खेल विश्वविद्यालय और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। नई खेल नीति के तहत अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को ‘आउट ऑफ टर्न’ सरकारी नौकरी, मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, उदीयमान खिलाड़ी योजना, खेल किट योजना सहित कई प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने खिलाड़ियों की योग्यता को सम्मानित करने के लिए उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार और हिमालय खेल रत्न पुरस्कार भी शुरू किए हैं। साथ ही, राजकीय सेवाओं में खिलाड़ियों के लिए 4% खेल कोटे को पुनः लागू किया गया है।
समापन समारोह में विशेष सचिव अमित सिन्हा, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, एशियन स्केटिंग यूनियन व उत्तराखंड आइस स्केटिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी, खेल विभाग के अधिकारी, बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और दर्शक मौजूद रहे।
